इंदौर के देवास में औदुम्बर ब्राह्मण समाज की मासिक पत्रिका ‘औदुम्बर वाणी’ के 27वें वर्ष प्रवेशांक का हुआ विमोचन
औदुम्बर वाणी पत्रिका के प्रबंधक ओम चौधरी ने बताया कि औदुम्बर ब्राह्मण समाज की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पत्रिका औदुम्बर वाणी के 27वें वर्ष प्रवेशांक का विमोचन वाणी कार्यालय, देवास में सादगीपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. श्यामसुंदर चौधरी तथा विशेष अतिथि प्रो. प्रदीप दुबे, सतीश दुबे, राजेंद्र जोशी और विपिन चौधरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संपादक अशोक चौधरी ने की।कार्यक्रम के प्रारम्भ में पत्रिका के संस्थापक, स्वर्गीय महेशचंद्र चौधरी ‘अकिंचन’ की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया गया। सरस्वती वंदना की सुमधुर प्रस्तुति दीपक चौधरी ने दी। अतिथियों का शब्दों द्वारा स्वागत रक्षा चौधरी ने किया।मुख्य अतिथि डॉ. श्यामसुंदर चौधरी ने कहा कि किसी भी सामाजिक पत्रिका को 26 वर्षों तक निरंतर संचालित रखना अत्यंत श्रमसाध्य कार्य है। उन्होंने कहा कि सामाजिक एवं जातीय पत्र–पत्रिकाएँ संगठन को सुदृढ़ करती हैं तथा संबंधों में मधुरता का संचार करती हैं।प्रो. प्रदीप दुबे ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में समरसता और स्वस्थ संवाद बनाए रखने के लिए ऐसी पत्रिकाओं का निरंतर प्रकाशन होना आवश्यक है।अध्यक्षीय उद्बोधन में अशोक चौधरी ने कहा कि संपादन एवं प्रकाशन जितना महत्त्वपूर्ण है, उससे कहीं अधिक आवश्यक है कि पत्रिका देशभर के पाठकों तक सुव्यवस्थित रूप से पहुँचे। यह उत्तरदायित्व वाणी की प्रकाशन टीम अत्यंत दक्षता से निभा रही है। राजेंद्र जोशी, सतीश दुबे, दिलीप उपाध्याय और डॉ. किशोर दुबे ने भी अपने विचार व्यक्त किए।इस अवसर पर ओमप्रकाश चौधरी, शशिकांत जोशी, वीरेंद्र जोशी, आदित्य चौधरी, श्रीराम पुराणिक, दीपक चौधरी, गजेंद्र चौधरी, गरिमा शर्मा, शची कानूनगो, ज्योति जोशी, सुलोचना द्विवेदी आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप जोशी ने किया तथा आभार प्रदर्शन भावेश कानूनगो ने किया।समारोह का समापन ‘औदुम्बर है हम, औदुम्बर’ गीत के सामूहिक गान के साथ हुआ।
