Type Here to Get Search Results !

Blog Posts

बिजनौर के विकास भवन सभागार में ग्राम प्रधानों के प्रशासक बनाए जाने पर सम्मान समारोह का हुआ आयोजन

बिजनौर। राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन बिजनौर के तत्वावधान में विकास भवन के सभागार में ग्राम प्रधानों के प्रशासक बनाए जाने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष पंडित ललित शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव गणेश ठाकुर एडवोकेट एवं प्रदेश सचिव डॉ महाराज सिंह उपस्थित रहे। समारोह में जिला अध्यक्ष एवं सभी ब्लॉक अध्यक्षों द्वारा अपने प्रांतीय अध्यक्ष, डीपीआरओ एवं अन्य अतिथियों का फूल मालाएं पहनाकर एवं गुलदस्ते देकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ललित शर्मा ने कहा कि हमारे संगठन की मांग पर उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाकर जो सराहनीय कार्य किया है, हम उसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के हमेशा आभारी रहेंगे। उन्होंने ग्राम प्रधानों का आह्वान करते हुए कहा कि वह प्रशासक के रूप में ग्राम पंचायत के विकास के लिए निरंतर सकारात्मक कार्य करते रहें। संगठन द्वारा ग्राम प्रधानों के हित में आगे भी संघर्ष जारी रहेगा। इसलिए संगठन को एकजुट होकर मजबूत करने का कार्य करें। गणेश ठाकुर एडवोकेट ने अपने विचार व्यक्त करते हुए ग्राम प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने के लिए पिछले 6 माह से किए गए प्रयासों की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि संगठन के उच्च पदाधिकारियों ने शासन से निरंतर सकारात्मक वार्ता करने का जो कार्य किया है उसी के परिणाम स्वरुप सरकार ने हमें यह तोहफा दिया है।  विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत राज अधिकारी डॉ प्रीतम सिंह ने सभी ग्राम प्रधानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपकी सभी समस्याओं का यथोचित निराकरण कराया जाएगा। कार्यालय दिवस में कोई भी ग्राम प्रधान अपनी समस्या को लेकर उनके पास आ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी समय आपकी परीक्षा का भी है। इसलिए सभी कार्य जनहित में करें। अपने पंचायत संबंधी रिकॉर्ड सही रखें।नजीबाबाद ब्लॉक प्रमुख तपराज सिंह ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन से जुड़े सभी ग्राम प्रधानों को यथा समय यथोचित सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्राम प्रधानों की एकता पर जोर दिया। ग्राम प्रधान अपने संगठन की मजबूती के लिए हर संभव सहयोग करें, तभी संगठन आप सबके हित की लड़ाई के लिए प्रयासरत रह सकेगा। अन्य वक्ताओं में डॉ महाराज सिंह, राहुल हुड्डा, संजय सिंह, हिमांशु राजपूत, विनय कुमार, उदित कुमार, सुरेश सिंह, हेमेंद्र सिंह रमेश सिंह, मोहम्मद अशफाक, निरंजन कुमार, मीना शर्मा, विकास राजपूत आदि ने भी ग्राम प्रधानों की एकता और संगठन के प्रति समर्पित भावना से काम करते रहने पर जोर दिया। इस अवसर पर स्वाहेड़ी निवासी धीरेंद्र सिंह को मंडल उपाध्यक्ष एवं नया गांव के ग्राम प्रधान संजय सिंह को ब्लॉक मोहम्मदपुर देवमल का ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया गया।जिला अध्यक्ष सोमदेव सिंह की अध्यक्षता एवं डॉ सत्येंद्र शर्मा 'अंगिरस' के संचालन में आयोजित स्वागत समारोह में जनपद के सभी ब्लॉक अध्यक्षों सहित अनेक ग्राम प्रधानों ने सहभागिता की।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

24 News in India