Type Here to Get Search Results !

निष्क्रियता नहीं, जमीनी काम ही बनेगा संगठन में तरक्की का आधार : शैलेंद्र चौधरी

बिजनौर। अपना दल (एस) की विधानसभा बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने को लेकर जिला अध्यक्ष शैलेंद्र चौधरी ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक कहा कि पार्टी हित में जमीनी स्तर पर लगातार काम करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया जाएगा, जबकि लंबे समय से निष्क्रिय रहने वाले पदाधिकारियों में बदलाव किया जाएगा। बैठक में राजीव राठी, नफीस अहमद (व्यापार मंच) तथा आसिफ (श्रमिक मंच) सहित संगठन के पदाधिकारियों को सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन को केवल बैठकों और सोशल मीडिया तक सीमित रखने के बजाय बूथ स्तर तक मजबूत करना ही प्राथमिक लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा, हर घर अपना दल (एस) का झंडा लगाने तथा जनसंपर्क अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया जाएगा। 
उन्होंने जोन प्रभारियों को भी पूरी सक्रियता के साथ अपने क्षेत्रों में संगठन विस्तार करने के निर्देश दिए।शैलेंद्र चौधरी ने कहा, “पार्टी हित सर्वोपरि है। मुझे किसी चेहरे की नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं की जरूरत है। जो पार्टी के लिए मेहनत करेगा, उसे निश्चित रूप से आगे बढ़ाया जाएगा।” उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) लगातार बिजनौर में आगे बढ़ रहा है और अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत पकड़ दिलाना उनका मुख्य उद्देश्य है। इसके लिए निष्क्रियता को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और मेहनती कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां देकर संगठन को नई ऊर्जा दी जाएगी। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष वकील अहमद, सत्यम चौधरी, कर्मजीत, राणा सिंह, सेवानी एवं उपसना रानी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा और हर घर पार्टी का झंडा अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।शैलेंद्र चौधरी ने अंत में कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक पहुंचाना उनका लक्ष्य है और इसके लिए वे पार्टी हित में पूरी मजबूती के साथ कार्य करते रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

24 News in India