फर्जी पत्रकारों पर अंकुश लगाने की मांग, उपजा ने बिजनौर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
बिजनौर। जनपद में पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने तथा स्वयंभू पत्रकारों पर अंकुश लगाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट (उपजा) के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बिना वैध पहचान अथवा मान्यता के स्वयं को पत्रकार बताने वाले लोगों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की गई।उपजा के जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में कहा कि वर्तमान समय में जनपद में कई ऐसे व्यक्ति सक्रिय हैं, जो बिना किसी वैध पहचान अथवा मान्यता के अपने वाहनों पर "प्रेस" एवं "मीडिया" लिखकर पत्रकार होने का दावा करते हैं। इससे आम जनता एवं विभिन्न सरकारी विभागों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। साथ ही पत्रकारिता की गरिमा प्रभावित होने के साथ-साथ वास्तविक पत्रकारों की छवि एवं विश्वसनीयता पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।ज्ञापन में मांग की गई कि सूचना विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न समाचार पत्रों एवं मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकारों की अद्यतन सूची तैयार कर परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग सहित अन्य प्रमुख सरकारी विभागों को उपलब्ध कराया जाए। सूची में पत्रकार का नाम, मोबाइल नंबर, समाचार संस्थान तथा वाहन संख्या अंकित की जाए, जिससे वास्तविक एवं फर्जी पत्रकारों की पहचान सुनिश्चित हो सके।इसके अलावा सूचना विभाग द्वारा पत्रकारों को अधिकृत पहचान पत्र (आईडी कार्ड) जारी किए जाने तथा भारत सरकार के रजिस्ट्रार ऑफ न्यूजपेपर्स फॉर इंडिया (आरएनआई) से पंजीकृत समाचार पत्रों एवं ई-पेपर/पीडीएफ समाचार पत्रों को सूचना विभाग में संधारित एवं सूचीबद्ध किए जाने की मांग भी उठाई गई।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जिन वाहनों पर "प्रेस" अथवा "मीडिया" अंकित है, उनकी समय-समय पर जांच कराई जाए तथा जिन व्यक्तियों के पास वैध पत्रकारिता संबंधी प्रमाण अथवा पहचान पत्र उपलब्ध न हो, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इससे प्रेस पहचान के दुरुपयोग पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।उपजा पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी जसजीत कौर से उक्त मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष पुखराज सिंह मलिक, राजेन्द्र सिंह, नरेंद्र सिंह, बाबू राम आर्य, मुकुल पाल, रिजवान सिद्दीकी, लव अग्रवाल, जावेद अहमद, सुमित गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
