Type Here to Get Search Results !

धामपुर में कोचिंग सेंटरों,लाइब्रेरियों व नगर क्षेत्र के गेस्ट हाउसों में चला अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान

 धामपुर।विद्यार्थियों एवं आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फायर स्टेशन धामपुर की ओर से प्रभारी अग्निशमन अधिकारी, बिजनौर के निर्देशन में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित कोचिंग सेंटरों, लाइब्रेरियों,कंप्यूटरे संस्थानों व नगर क्षेत्र के गेस्ट हाउसों में विशेष अग्नि सुरक्षा जांच एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को आग लगने की स्थिति में बचाव एवं तत्काल कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही मॉक ड्रिल आयोजित कर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।अभियान के दौरान अधिकारियों ने बताया कि किसी भी संस्थान में अग्निशमन यंत्रों की नियमित जांच, विद्युत वायरिंग की समय-समय पर जांच, आपातकालीन निकास मार्ग को हमेशा खुला रखना तथा आपदा की स्थिति में घबराने के बजाय व्यवस्थित ढंग से बाहर निकलना अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग का प्रदर्शन कर उन्हें प्राथमिक स्तर पर आग बुझाने के तरीके भी बताए गए।जांच अभियान के तहत धामपुर स्थित ज्ञान कुंज लाइब्रेरी (नगीना रोड), सक्सेस कोचिंग सेंटर (स्टेशन रोड), दृष्टि लाइब्रेरी एवं कोचिंग सेंटर (स्टेशन रोड), सीईसी कंप्यूटर (क्षत्रिय नगर), ग्रैविटी इंस्टीट्यूट (क्षत्रिय नगर) तथा ब्रिलियंट कोचिंग सेंटर (पंजाबी कॉलोनी) का निरीक्षण किया गया।इसके अलावा सरस्वती लाइब्रेरी एवं माथुर टाइप एंड शॉर्टहैंड संस्थान में भी अग्नि सुरक्षा संबंधी चेकिंग कर विद्यार्थियों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
अभियान के अगले चरण में दक्ष लाइब्रेरी (हल्दौर रोड, नहटौर), दृष्टि लाइब्रेरी (हल्दौर रोड, नहटौर), डिवाइन लाइब्रेरी (नगीना रोड, धामपुर), स्पार्कल क्लासेज (पंजाबी कॉलोनी), विद्यापीठ लाइब्रेरी (पंजाबी कॉलोनी) तथा नाइस इंस्टीट्यूट ऑफ कंप्यूटर एजुकेशन (पंजाबी कॉलोनी) में भी सुरक्षा मानकों की जांच की गई और मॉक ड्रिल आयोजित की गई।प्रभारी अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि लगातार बढ़ रही गर्मी और विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग को देखते हुए शिक्षण संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्क रहना बेहद आवश्यक है। उन्होंने संस्थान संचालकों से अग्निशमन यंत्रों को हमेशा क्रियाशील रखने, विद्युत व्यवस्था का समय-समय पर निरीक्षण कराने तथा आपातकालीन निकास मार्ग को अवरोध मुक्त रखने की अपील की।फायर विभाग ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और किसी भी आपदा की स्थिति में जनहानि की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।विशेष अग्नि सुरक्षा जांच एवं जागरूकता अभियान के दौरान उपजिलाधिकारी स्मृति मिश्रा, पुलिस क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार व कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार,फायर विभाग से दीपक चौधरी,सत्यवीर सिंह सहित पुलिस फोर्स मौके पर उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

24 News in India