जनपद बिजनौर अंतर्गत ग्राम बिराल निवासी गौरव की सरिया फैक्ट्री के टैंक में डूबने से संद्धिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत
चांदपुर (बिजनौर)। चांदपुर नूरपुर मार्ग स्थित एक सरिया फैक्ट्री में शनिवार सुबह पानी के टैंक से लोडर चालक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।मृतक की पहचान 35 वर्षीय गौरव पुत्र राजवीर सिंह, निवासी ग्रुम बिराल के रूप में हुई है। गौरव फैक्ट्री में ट्रैक्टर लोडर चालक के रूप में कार्यरत था। परिजनों के अनुसार वह शुक्रवार सुबह रोज की तरह ड्यूटी पर गया था, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटा। उसकी तलाश शुरू की गई।शनिवार सुबह गौरव की पत्नी फैक्ट्री पहुंची तो पहले उसे बताया गया कि गौरव ड्यूटी पूरी कर फैक्ट्री से चला गया था। बाद में फैक्ट्री का आने-जाने का रजिस्टर दिखाया गया। इसी दौरान फैक्ट्री परिसर के पीछे बने पानी के टैंक में गौरव का शव मिला।मृतक की पत्नी ने आरोप लगाया कि उसके पति की पानी में डुबोकर हत्या की गई है। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।फैक्ट्री संचालक पंकज चौधरी ने बताया कि गौरव उनके यहां लोडर चालक के रूप में कार्यरत था। उन्होंने कहा कि शव पानी के टैंक में मिला है और मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।थाना प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
