जेपी पब्लिक स्कूल कक्षा 12 के छात्रों के लिए हुआ विदाई समारोह आयोजित
जेपी पब्लिक स्कूल धनौरा रोड चांदपुर में कक्षा 12 वीं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित विदाई समारोह अत्यंत भव्य, अनुशासित एवं भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रबंधन की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही, जिन्होंने विद्यार्थियों को एक यादगार विदाई देने के लिए हर स्तर पर मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया। विद्यालय के प्रबंधक विकास गुप्ता उर्फ रॉकी ने सभी छात्रों को अपने जीवन की नई दिशा की तरफ अग्रसर होने की बात कहते हुए सभी को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनीत तोमर ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, आत्मविश्वास और नैतिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी विद्यालय की पहचान होते हैं और जहाँ भी जाएँ, अपने विद्यालय की गरिमा को बनाए रखें।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षणमिस्टर फेयरवेल एवं मिस फेयरवेल का चयन रहा, जिसे मिस यूनिवर्सल प्रतियोगिता की तर्ज पर बड़े ही रोचक एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। प्रतिभागियों का चयन उनकी व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, संचार कौशल और कुल मिलाकर उपस्थिति के आधार पर किया गया। जिसमें मिस्टर फेयरवेल आदित्य सैनी, मिस फेयरवेल जिया चौधरी, उपस्थिति में मिस अलीना, अनुशासन में ईशा अंसारी एवं वर्ष का सबसे सर्वश्रेष्ठ छात्र शान रहे। रैम्प वॉक ,प्रश्नोत्तर सत्र और आत्म-परिचय ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए।इसके अतिरिक्त विभिन्न श्रेणियों में विद्यार्थियों को मोमेंटो एव स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। ये स्मृति-चिन्ह न केवल उपलब्धियों का प्रतीक रहे, बल्कि विद्यालय से जुड़े मधुर पलों की अमिट याद भी बन गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने प्रबंधन ,प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया और यह संकल्प लिया कि वे विद्यालय से मिले संस्कारों को अपने जीवन में सदैव आत्मसात करेंगे। यह विदाई समारोह सभी के लिए भावनाओं, मुस्कान और गर्व से भरी एक अविस्मरणीय स्मृति बन गई।
