Type Here to Get Search Results !

राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद के राष्ट्रीय महाअधिवेशन में गूंजा पत्रकार एकता का स्वर बिजनौर टीम की सक्रिय भागीदारी ने बढ़ाया जिले का मान

राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के स्थापना दिवस राष्ट्रीय महाअधिवेशन एवं पत्रकार सम्मान समारोह सत्र-2026 का भव्य आयोजन 27 मई 2026 को राजधानी लखनऊ स्थित विश्वेश्वरैया प्रेक्षागृह में अत्यंत गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। देशभर से पहुंचे पत्रकारों, समाजसेवियों एवं संगठन पदाधिकारियों की ऐतिहासिक उपस्थिति ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद (रजि.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने की, जबकि संगठन के संरक्षक डॉ. ए.पी. सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष ऊंचाई प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं भगवान गणेश के पूजन तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। अधिवेशन में पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता, पत्रकार उत्पीड़न, मीडिया जगत की चुनौतियों एवं पत्रकारों के अधिकारों जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र, निर्भीक और सुरक्षित पत्रकारिता अत्यंत आवश्यक है।इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कुमार मिश्रा ने पत्रकार हितों से जुड़ी विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को मजबूती के साथ मंच से उठाया। जिस पर उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने पत्रकारों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से लेते हुए भरोसा दिलाया कि पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार संवेदनशील है
तथा संगठन द्वारा उठाई गई मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की दिशा में सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे। उपमुख्यमंत्री के इस आश्वासन से उपस्थित पत्रकारों में उत्साह और नई ऊर्जा का संचार देखने को मिला।अधिवेशन में विभिन्न राज्यों से आए प्रदेशाध्यक्षों, जिला अध्यक्षों एवं पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और पत्रकार एकता पर जोर दिया। जिला बिजनौर की टीम ने भी कार्यक्रम में प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराते हुए जिले का मान बढ़ाया। बिजनौर से प्रदेश उपाध्यक्ष मानपाल सिंह, जिला अध्यक्ष मुस्तकीम अहमद, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सपना वर्मा, जिला महासचिव संदीप उपाध्याय, जिला सचिव देवेंद्र कुमार शर्मा, महिला मोर्चा से दयावती, पूर्व जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह एवं सोमपाल उपाध्याय सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे।
जिला बिजनौर की टीम ने संगठन के राष्ट्रीय विस्तार, पत्रकार सम्मान और पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता को लेकर अपने विचार रखे। साथ ही संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा पत्रकारों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर तक बुलंद करने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। वहीं प्रीतिभोज, फूलों की होली, सम्मान समारोह एवं भव्य संबोधन कार्यक्रम आयोजन के मुख्य आकर्षण रहे। पूरे कार्यक्रम में पत्रकार एकता, संगठनात्मक अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों, पदाधिकारियों, पत्रकार साथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद भविष्य में भी पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती के साथ लड़ती रहेगी।
*सपना वर्मा की रिपोर्ट*

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

24 News in India