धामपुर एक्सिस बैंक के एटीएम में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू
जनपद बिजनौर अंतर्गत धामपुर कालागढ़ मार्ग स्थित टीचर्स कॉलोनी के समीप एक्सिस बैंक के एटीएम में बुधवार को अचानक आग लगने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एटीएम के भीतर से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एटीएम से अचानक धुआं उठने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने तत्काल एटीएम के पास भीड़ को हटाया और प्रशासन को घटना की जानकारी दी। फायर ब्रिगेड कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर एहतियात बरतते हुए आग बुझाई, जिससे आग को फैलने से रोक लिया गया।प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि आग एटीएम मशीन और उसमें रखी नकदी तक नहीं पहुंच सकी, जिससे किसी प्रकार की आर्थिक क्षति नहीं हुई। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।घटना की सूचना पर पुलिस और बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, जबकि बैंक अधिकारियों ने एटीएम की तकनीकी जांच शुरू करा दी है। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है ताकि आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटना के बाद कुछ समय के लिए एटीएम का संचालन प्रभावित रहा।
