मंडावली थाना प्रभारी के खिलाफ पत्रकारों का फूटा आक्रोश, कार्रवाई न होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
नजीबाबाद/मंडावली। थाना मंडावली के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार द्वारा एक पत्रकार के साथ कथित अभद्र व्यवहार तथा हवालात में डालने की धमकी से जुड़े वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना को लेकर जनपद बिजनौर के विभिन्न क्षेत्रों के पत्रकारों ने इसे प्रेस की गरिमा से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए दोषी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।इसी क्रम में 12 जुलाई 2026 को नजीबाबाद ब्लॉक परिसर स्थित डबाकरा हॉल में पत्रकारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों पत्रकारों ने भाग लिया और घटना पर गहन चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से आगे की रणनीति तय की।बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 जुलाई 2026 को क्षेत्राधिकारी (सीओ) नजीबाबाद को पुलिस अधीक्षक के नाम तथा उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नजीबाबाद के माध्यम से जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से थाना प्रभारी मंडावली राकेश कुमार के विरुद्ध उचित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जाएगी।बैठक में सर्वसम्मति से यह भी निर्णय लिया गया कि यदि दो दिनों के भीतर थाना प्रभारी मंडावली का स्थानांतरण अथवा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो समस्त पत्रकार संगठन थाना मंडावली के समक्ष शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। पत्रकारों ने स्पष्ट कहा कि यह किसी एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे पत्रकार समाज के सम्मान और स्वतंत्र पत्रकारिता से जुड़ा विषय है, जिस पर सभी एकजुट हैं।बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र जैन ने की, जबकि संचालन शहजाद मलिक ने किया। बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि पत्रकारों के सम्मान एवं सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा।
