दूरसंचार सलाहकार समिति टेलीकॉम की महत्वपूर्ण बैठक में सौरव वर्मा ने दो संचार सेवाओं के विस्तार हेतु दिए महत्वपूर्ण सुझाव
बिजनौर। दूरसंचार सलाहकार समिति, टेलीकॉम जनपद बिजनौर की महत्वपूर्ण बैठक में समिति के सदस्य सौरभ राणा ने जनपद में दूरसंचार सेवाओं के विस्तार, ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नेटवर्क, 5G सुविधा, इंटरनेट एवं फाइबर नेटवर्क के प्रभावी उपयोग तथा साइबर जागरूकता को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्रस्तुत किए।बैठक को संबोधित करते हुए सौरभ राणा ने कहा कि आज के समय में दूरसंचार केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, व्यापार और सुशासन की आधारभूत आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि बिजनौर जनपद के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में जहां नेटवर्क कमजोर है अथवा कॉल ड्रॉप की समस्या रहती है, वहां प्राथमिकता के आधार पर मोबाइल टावर एवं आवश्यक दूरसंचार आधारभूत संरचना विकसित की जानी चाहिए।उन्होंने जनपद में 5G एवं आधुनिक दूरसंचार सुविधाओं के तेजी से विस्तार पर बल देते हुए कहा कि आधुनिक कनेक्टिविटी के माध्यम से टेलीमेडिसिन, ऑनलाइन शिक्षा, कृषि तकनीक, ई-गवर्नेंस और रोजगार के नए अवसरों को गति दी जा सकती है।श्री राणा ने कहा कि गांवों के विद्यार्थियों और युवाओं को भी महानगरों के समान डिजिटल अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा ग्रामीण उद्यमियों तक प्रभावी इंटरनेट कनेक्टिविटी पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने भारतनेट और फाइबर नेटवर्क के जमीनी स्तर पर प्रभावी उपयोग की आवश्यकता पर भी जोर दिया।समिति के सदस्य ने उपभोक्ताओं की नेटवर्क, कॉल ड्रॉप, इंटरनेट की धीमी गति और अन्य दूरसंचार संबंधी शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र विकसित करने का सुझाव दिया। साथ ही उन्होंने बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से डिजिटल एवं साइबर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई।
